गर्मियों में लीजिये आम खाने का असली मज़ा | जानिए आम खाने के 12 लाजवाब फ़ायदे

दोस्तों! आजकल वैसे भी सूर्य देवता अपना गुस्सा ज़रा ज़्यादा ही बरसा रहे हैं। इस चिलचिलाती गर्मी में सभी को कुछ ठंडा कुछ मीठा खाने का बहुत मन करता होगा। और अगर हमें ऐसे समय में मिल जाये, घर की बनी कुछ हेल्दी डिश! यानि कि कोई मनपसंद चीज़! तो सोने पे सुहागा हो जाता है। 

स्वाद और औषधीय गुणों से भरपूर आम 

कहावत भी
 सही है कि- 'Always Eat Seasonal & Regional..' अभी के टाइम में मौसमी, मीठे व रसीले फलों की बहार सी है। जैसे आम, तरबूज़, खरबूजा, केला, गन्ना जूस, खीरा, पपीता आदि। ये सारे कुदरती फल हमारे शरीर में पानी की कमी को पूरा के साथ ही विटामिन्स, मिनरल्स जैसे आवश्यक पोषक तत्व भी प्रदान करते हैं। तो हम बात करने जा रहे हैं फलों के राजा आम के बारे में। इस लेख में हम आम के कौन कौन से गुण होते हैं? यह भी विस्तारपूर्वक जानेंगे। 

आम जो कि कई लोगों का पसंदीदा फल है। ख़ासतौर पर बच्चों का। आम (Mango) को कई तरह से खाया जा सकता है। जैसे आम का जूस बनाकर। आम से बनी आइसक्रीम तो मानो बच्चों की फ़ेवरेट होती है। मिल्क मैंगो शेक, आम के पापड़, कैंडी, अचार और आम की सब्ज़ी आदि ऐसी कई डिश हैं जिनका स्वाद लोगों की ज़ुबान पर चढ़कर बोलता है। यूँ समझिये कि लोग  चटकारें ले लेकर खाते हैं। कच्चे आम को नमक मिर्ची के साथ चटकारें लेकर खाना भला कौन भूल सकता है!

वैसे जब-जब बात की जाए, भारतीय आम की। तो वो पूरे विश्व में अपने मीठे, रसीले स्वाद के लिए बहुत अधिक फ़ेमस है। इतनी कुछ जानकारी आपको हमारे इस लेख से दे ही रहे हैं तो आप यह भी जान लीजिये कि हमारे इस राष्ट्रीय फल आम का वैज्ञानिक नाम "मैंगीफेरा इंडिका" है। संस्कृत में इसे आम्र कहते हैं। आम उत्पादन के मामले में भारत नंबर 1 पर है।

आम को इतना ज़्यादा पसंद किए जाने के कारण इसे भारत, पाकिस्तान और फिलीपींस में राष्ट्रीय फल की उपाधि से सम्मानित किया गया है। यहाँ तक कि बांग्लादेश में इस आम के वृक्ष को राष्ट्रीय वृक्ष के नाम से नवाज़ा गया है।

वैसे तो आजकल बारहों महीने हर तरह के फल उपलब्ध रहते हैं। लेकिन गर्मी के सीज़न में आने वाले आम के स्वाद के साथ-साथ स्वास्थ्यवर्धक भी होते हैं। यही समय होता है आम की खेती का।चूँकि हमारे देश में कई तरह के आम होते हैं। इन सभी का टेस्ट और ढेर सारे फ़ायदे भी अद्भुत हैं। आम की लगभग 100 से भी ज़्यादा क़िस्में पुरे विश्व में पायी जाती हैं। ये कई रंग के होते हैं जैसे- हरे, लाल, पीले आदि। इतना ही नहीं बल्कि ये अलग-अलग आकार में भी पाए जाते हैं। 

अगर आपका भी पसंदीदा फल आम है और आपको इसके बारे और अधिक जानने की उत्सुकता है तो आज इस आर्टिकल को पढ़ के आप को ज़रूर कुछ नई, ख़ास और रोचक जानकारी मिलने वाली है। हमारे साथ अंत तक बने रहिये। तो चलिए आम खाने के क्या फ़ायदे हैं? जानते हैं।


आम खाने के फ़ायदे ꘡ Aam khane ke fayde




आम केवल स्वाद के मामले में ही नहीं अपितु स्वास्थ्य के मामले में भी उतना ही विशेष है। आम के लाभ जानकर सचमुच आप भी इसके क़ायल हो जायेंगे। आइये जानते हैं आम के कुछ विशिष्ट फ़ायदे।  जिन्हें जानकर आप भी लाभान्वित हो सकते हैं।


(1) शरीर में पानी की कमी को पूरा करना-

आम में भरपूर मात्रा में रस पाया जाता है। हम बाज़ार से भी आम खरीदते हैं जिसमें अधिक रस और स्वाद मिले। आम को दो प्रकार से प्रयोग कर सकते हैं। कच्चे आम का पना बनाकर या पके हुए आमों का रस बनाकर।

आम का पना कैसे बनाते हैं
4 से 5 आमों को अच्छी तरह से धो लें। फ़िर गैस पर मध्यम आँच पर भून लें या चारों तरफ़ से आमों को सेंक लें। अब उसका छिलका उतार लें। फिर इन्हें लगभग 1 लीटर पानी में अच्छी तरह से मैश कर लें। फ़िर इसमे 3 से 4 बड़े चम्मच चीनी मिला दें। चुटकी भर काला नमक मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। इसके बाद 5 से 10 मिनट के लिए फ्रिज़ में रख दें। लीजिये अब ये सर्व के लिए तैयार है।

आम का रस बनाने का तरीका
सर्वप्रथम लगभग 1 kg आम को अच्छी तरह से धो लें। आप अगर कट करने वाले हैं तो उन्हें कट करके उनका गूदा निकाल लें। फ़िर उन्हें हल्के हाथों से पिलपिला करके 1 साइड से पूरा रस निकाल लें। इसके बाद मिक्सी में बढ़िया पीस लें। फ़िर किसी बड़े बर्तन में डालकर उसमें आधा ग्लास पानी डाल लें। फ़िर कुछ देर के लिए यानि लगभग 10 मिनट के लिए फ्रिज़ में रख दें। अब इसे ठंडा होने के बाद सर्व करें। इस होममेड रस के आगे, बाज़ार के महँगे महँगे ड्रिंक्स भी फ़ीके लगने लगेंगे।

2. इम्युनिटी पावर का विस्तार करने में- 


आम सर्वगुण सम्पन्न होने के कारण इस फल को स्वाद और स्वास्थ्य दोनों की दृष्टि से अत्यंत ही उपयोगी माना जाता है। यह फल हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसीलिए इस लाजवाब फल का सेवन बिना किसी संकोच के करिये। बहु उपयोगी फलों के सेवन से हमें अनेक लाभ प्राप्त हो सकते हैं। 

3. पाचन क्रिया को ठीक करने में सहायक-

आम कई प्रकार के विटामिन्स, मिनरल्स एवं एंजाइम्स से भरपूर होता है। जो भोजन को आसानी से पचाने में सहायता करते हैं। इसके साथ ही आम में कई आवश्यक एसिड भी पाए जाते हैं। जैसे साइट्रिक एसिड और टार्टरिक एसिड। ये एसिड शरीर में क्षारीय तत्वों को संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। जिससे शरीर में आवश्यक पोषक तत्वों का संतुलन बना रहता है। एवं पाचन संबंधी सभी समस्याओं का निराकरण होता है। चूँकि आम की तासीर गर्म होती है। इसलिए अगर किसी ने 1 या 2 आम भी कहा लिए तो उसका पूरा पेट साफ़ हो जाता है। और कब्ज़ से भी छुटकारा मिल जाता है।

4. कैंसर से सुरक्षा में सहायक-


आम में पाए जाने वाले आवश्यक तत्वों एवं एंटीऑक्सीडेंट, एस्ट्रागालिन, क्युर्सेटिन और फिसेटिन जैसे कई आवश्यक तत्व पाए जाते हैं। जो शरीर को ल्यूकेमिया प्रोस्टेट कैंसर एवं कोलोन कैंसर आदि से बचाव करने में सहायता करते हैं। वास्तव में आम स्वाद के साथ-साथ जीवन रक्षा का कार्य भी बख़ूबी निभाता है। ठीक वैसे ही, जैसे कोई राजा अपनी प्रजा की रक्षा का दायित्व निभाता है। इसे फलों का राजा यूँ ही नहीं कहा गया है!

5. आंखों के लिए है बेहद फ़ायदेमंद-




आम में Vitamin A भरपूर मात्रा में पाया जाता है। हम आपको बता दें कि Vitamin A आंखों के लिए वरदान माना जाता है। सचमुच यह आँखों के लिए किसी संजीवनी बूटी से कम नहीं। Vitamin A की भरपूर मात्रा हमारे पसंदीदा आम में कूट-कूटकर भरी होती है। जिसका सेवन करने से आँखों की रौशनी भी बढ़ती है और आंखें किसी भी संक्रमण से बची रहती है। वो कहते हैं ना कि 'आँखें हों तभी दुनिया देखने का असली अर्थ समझ आता है।'

6. त्वचा के लिए फ़ायदेमंद-

आमफल के सर्वगुण सम्पन्न होने के कारण इसका प्रयोग त्वचा से संबंधित समस्याओं के निराकरण करने में अत्यधिक फ़ायदेमंद साबित हुआ है। कई ब्यूटीशियन तो आम के गूदे का लेप चेहरे पर लगाने के लिए कहते हैं। क्योंकि इसके लेप को चेहरे पर लगाने से चेहरे की सुंदरता दो गुना हो जाती है और चेहरे पर एक नई चमक आ जाती है।

7. यौन संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु सहायक-

आम में Vitamin E भी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। विटामिन E की वजह से यौन (sex) संबंधी हार्मोन्स को एक्टिवेट (activate) होने में सहायता मिलती है। विटामिन E पौरुष क्षमता यानि कि सेक्स क्षमता को बढ़ाता है। इसलिए जिन्हें यौन समस्याएँ या यौन संबंधी हार्मोनल प्रॉब्लम हो तो उन्हें आम का सेवन आवश्यक रूप से करना चाहिए। अपने इसी गुण के कारण इसे 'लव फ्रूट' के नाम से भी जाना जाता है। अधिकतर मामलों देखा जाता है कि उन्हें यदि यौन सम्बन्धी समस्या हो तो उसके निराकरण के लिए वे बात करने से भी कतराते हैं। परिणामस्वरूप निजी जीवन में तनाव और भी ज़्यादा बढ़ने लगता है। ऐसे में यह प्राकृतिक फल इन समस्याओं से राहत दे सकता है। 

8. स्मरण शक्ति बढ़ाने में सहायक-

आमफल स्मरण शक्ति वर्धक माना जाता है यानि कि याददाश्त को तेज करने में आम बहुत ज़्यादा मददग़ार साबित होता हैं। आम में पाया जाने वाला एक विशेष एसिड जिसका नाम है ग्लूटामिन। यही तत्व मनुष्य की स्मरण शक्ति को powerful बनाता है। यह दिमाग़ में सिग्नल (signal) भेजता है एवं एक उत्प्रेरक की तरह अपने कार्य को कार्यान्वित करता है। इसके साथ ही Blood cell अर्थात  रक्त कोशिकाएँ भी Activate रहती हैं। इसके इन्हीं फ़ायदों के कारण गर्भधारण करने वाली स्त्रियों को उचित मात्रा एवं सही समय पर आम फल खाने के लिए विशेष बल दिया जाता है।

9. वसा को नियंत्रित करने में-

आम वसा नियंत्रित करने में अत्यंत कारगर सिद्ध हुआ है। चूँकि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सभी को अपनी हेल्थ के प्रति जागरूक होना बेहद ज़रूरी है। वहीं आप आम को अपनी डाइट में शामिल करके अपने आपको फ़िट (स्वस्थ) एवं रख सकते हैं। आम में फ़ाइबर की मात्रा भरपूर होती है। चूँकि आम एक रेशेदार फल है। जिसके कारण इसका सेवन करने से आपका पेट भी भरा रहता है और आपको भूख भी कम लगती है। इस रेशेदार (फ़ाइबर युक्त) फल का सेवन करने से शरीर में जमे विषैले तत्वों एवं अनावश्यक चर्बी को बाहर निकालने में सहायता मिलती है।

10. विटामिन्स A की मात्रा भरपूर-



आम विटामिन से परिपूर्ण रसीला फल है। आम में कौन सा विटामिन होता है? इसके जवाब में हम आपको बता दें कि आम में विटामिन A, विटामिन B, विटामिन C और विटामिन E भी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। इसकी सभी फलों से यदि तुलना कि जाए तो आम में Vitamin A सर्वाधिक मात्रा में पाया जाता है। Vitamin A आंखों के लिए अधिक फ़ायदेमंद होता है। विटामिन A की प्रचुरता के कारण इसे आँख की समस्याओं से ग्रसित लोगों को अधिक मात्रा में खाने की सलाह दी जाती है। विटामिन A की मात्रा अत्यधिक होने के कारण रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास होता है। 

11. आवश्यक पोषक तत्वों का भंडार-

आम में साइट्रिक एवं टार्टरिक एसिड होने के साथ-साथ इसमें आयरन मैग्नीशियम, कॉपर और पोटैशियम भी उच्च मात्रा में पाए जाते हैं। जो कि शरीर को आवश्यक ऊर्जा प्रदान करते हैं एवं शरीर में स्फूर्ति बनाये रखते हैं। सचमुच आम में आवश्यक पोषक तत्वों का मानो भंडार सा भरा पड़ा है। जिसे जानकर ऐसा लगता है कि जैसे यह सचमुच फलों का राजा ही हो। इसे यह नाम देना भी सार्थक जान पड़ता है। 

12. आम के पंचांग के प्रयोग-


आम का वृक्ष इतना उपयोगी है कि इसके पूरे वृक्ष को पंचांग की तरह प्रयोग किया जाता है। जैसे आम की सूखी लकड़ियों (टहनियों) को यज्ञ या हवन सामग्री में सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। किसी भी त्यौहार या उत्सव में आम के पत्तों का तोरण बनाकर दरवाज़ों पर लटकाया जाता है। आम के शुरुआती फल (बार) का प्रयोग माँ सरस्वती के पूजन, बसंत पंचमी के दिन विशेष तौर पर किया जाता है। यहां तक कि आम के पत्ते, जड़ और छाल का उचित और सही-सही समय में प्रयोग करने से शरीर त्रिदोष अर्थात वात, पित और कफ़ जैसी समस्या को जड़ से मिटाने में सहायक है।

आम से उतरा हुआ छिलका गर्भाशय में होने वाले रक्तस्राव अर्थात ब्लीडिंग की समस्या से निजात दिलाने में सहायक होता है। यहाँ तक कि आम फल की गुठली को बारीक किया हुआ चूर्ण, पेट से संबंधित विभिन्न गंभीर समस्याओं जैसे पेटदर्द, कब्ज़, पेचिस के अतिरिक्त पेट में होने वाले कीड़ों की गंभीर समस्याओं को भी जड़ से समाप्त करने में सहायता प्रदान करती है। इस तरह इस आम के वृक्ष की हर एक चीज़ अत्यंत महत्वपूर्ण है। आम के पेड़ की विशेषताएँ जानकर अब तो आप  मंत्रमुग्ध हो चुके होंगे। 

आम खाने के नुक़सान ꘡ Zyada aam khane ke nuksan꘡सावधानियाँ 



वैसे तो आमफल कई सारे पोषक 
तत्वों और विटामिन्स से भरा पड़ा है। इसीलिए 
आम खाने के  लाभ आपको निःसंदेह मिलते हैं। लेकिन इसका अधिक मात्रा में सेवन करने से शरीर को कई प्रकार की हानियाँ भी हो सकती हैं। वैसे भी यह गर्म प्रकृति का होता है। अभी गर्मी का सीज़न भी चल रहा है। और इसी मौसम में आम की फ़सल भी अपने चरम पर होती है। ऊपर से गर्मी के मौसम में इसे यदि आप लिमिट से ज़्यादा खाएंगे। तो स्वाभाविक तौर पर कुछ परेशानियाँ आपको झेलनी पड़ सकती हैं। इसीलिए आम खाते समय कुछ सावधानियाँ बरतना आवश्यक है। आइये जानते हैं आम खाते समयकिन बातों का ख़याल रखना चाहिए?
 
(1) ज़्यादा आम खाने से ब्लड में शुगर का लेबल अधिक हो सकता है। क्योंकि आम में प्राकृतिक मिठास होने के कारण यह शर्करा (चीनी) से भरपूर होता है। आम का अधिक मात्रा में सेवन करने से रक़्त में शर्करा के स्तर में वृद्धि हो जाती है। जिस कारण आपको मधुमेह (डायबिटीज़) या शर्करा (शुगर) से सम्बंधित बीमारी होने का ख़तरा बढ़ जाता है। यदि आप डायबिटीज़ के मरीज़ हैं तो आप आम ज़रा संभलकर खाएं।

(2) आम में भरपूर मात्रा में फ़ाइबर पाया जाता है। इसीलिए अत्यधिक मात्रा में कतई न खाएं। वर्ना आप मीठे स्वाद के चक्कर में पढ़कर, दस्त से परेशान हो सकते हैं।

(3) चूँकि आम में कैलोरी की मात्रा अत्यधिक होती है। इसलिए ज़्यादा आम खाने से आप मोटे हो सकते हैं। ज़रा संभलकर खाएं।

(4) ज़्यादा आम खाने से चर्बी बढ़ने का ख़तरा बढ़ जाता है। इसलिए आम का आवश्यकतानुसार ही सेवन करें।

(5) चूँकि आम की तासीर गर्म होती है। इसलिए इसे अधिक मात्रा में सेवन करने से त्वचा पर दाने या फुँसी व एक्ने की समस्या हो सकती है। इसी कारण आम का संतुलित रूप से सेवन करने से आपको आम के अनेक लाभ मिल सकते हैं। 

(6) आजकल आमों को मसाले एवं कई प्रकार के रासायनिक चीज़ों से पकाये जाते हैं। जिस कारण आम खाने से शरीर में कई प्रकार की परेशानियाँ हो सकती हैं।
 
(7) अधिक मात्रा में आम का सेवन करने से कई लोगों को कभी-कभी एलर्जी भी होने लगती है। जिस कारण उन्हें बेवजह परेशानियां उठानी पड़ती है। इसीलिए जिन्हें इससे एलर्जी होती हो, ज़रा संभलकर खाएं। 

उम्मीद है आज के हमारे लेख "गर्मियों में लीजिये आम खाने का असली मज़ा ꘡ जानिए आम खाने के 12 लाजवाब फ़ायदे" को पढ़कर आप आम खाने से शरीर में क्या फ़ायदा होता है? अच्छी तरह जान चुके होंगे। साथ ही अत्यधिक आम खाने के नुक़सान से भी वाक़िफ़ हो चुके हैं। तो मिलते हैं किसी और दिलचस्प आर्टिकल के साथ। तब तक इस महत्वपूर्ण जानकारी को आप अपने दोस्तों से ज़रूर Share करिये।
- By Poonam

मारे अन्य आर्टिकल भी पढ़ें 👇

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने